आधुनिकता में कहीं खो गए है... हमारी सभ्यता के कुछ पहलू
ईश्वर की बनायी इस सृष्टि में हर एक वस्तु का अपना मोल है। और जब बात आती हैं, हमारी संस्कृति की तो शायद ही हम इसके मूल्य को आंक पायेंगे।
ऐतिहासिक दृष्टि से यदि देखें तो, इसका हर एक स्वरुप अनमोल है, हमारी प्रकृति, संस्कृति, अपने आप में बहुत से वरदानों को छिपाये हुए हैं, लेकिन जिसका आज के समय में मोल नगण्य सा हो गया है, या यूँ कहे आधुनिकता के की भेंट चढ गया है।लेकिन सही मायने में देखें तो, कुदरत की नैमतो उपहार हर समय के लिए उपयोगी है, जरूरत है एक बार फिर से इसको जानने और समझने की।
हम लोग बड़ी शान से कहते है, हम भारतीय है, हमारा देश जो कभी बहुमूल्य रत्नों की खान कहलाता था, और आज वही वैश्विक दौड में पिछड सा गया है। कभी यही की संपदा बाहरी लोगों को आकर्षित करती थी और आज हम ही लोग बाहरी झूठी शान के प्रति आकर्षित है। और यही आकर्षक ही आधुनिकता कहलाता है। जिसने, धीरे -धीरे हमें हमारे संस्कार, हमारी संस्कृति और गौरव से दूर कर एक ऐसी परिस्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया जहाँ हम अपने से ही अनजान है। और अगर हम ये कहे कि ये स्थिति किसी और के कारण है, तो यह बिलकुल गलत हैं।हमने खुद यह स्थिति उत्पन्न की है।
हमारे देश संस्कृति गौरव सभी विश्व भर की धरोहर माने जाते हैं, लेकिन हम स्वयं इसको आज मानने में शर्म महसूस करते हैं, क्यों कि हमें यह बताया ही नहीं गया, और बताए भी कौन परिवर्तन के इस दौर में, लोगो के पास समय नहीं है, अपनी ही धरोहर को जानने के लिए, और यही कारण है कि धीरे -धीरे सब खत्म होता जा रहा है, संस्कृति, संस्कार, संभावनाएं..... क्या अब भी हमें इसकी सुरक्षा के लिए नहीं सोचना चाहिए झूठे दिखावे को छोड़कर??
इस प्रश्न को गहराई से सोचनेे और विचार करने की उतनी ही आवश्यकता हैं, जितनी कि एक स्वस्थ जीवन जीने की।
प्राचीन समय की बात करें, तो पाएंगे की,उस समय के लोगों में ज्ञान का जितना भण्डार मौजूद था, चिकित्सा और रसायन की जितनी पद्धतियां प्रचलित थी,आज इतने विकास के बावजूद हम उसकी बराबरी नहीं कर सकते हैं। वैश्विक कला के ऐसे बहुत से उदाहरण हैं, जिनकी प्रशंसा आज भी भारत ही नहीं, विश्व स्तर पर भी की जाती हैं।
हमने प्रगति तो बहुत की लेकिन बस अपनी धरोहर में झाँकना भूल गये, अपने अमूल्य इतिहास को पढ़ना भूल गये, इसे साथ लेकर चलते तो शायद संभव था, हमारे पास जो ज्ञान होता वो कुछ अनन्यता लिए हुए होता, ऐसा ज्ञान जिसका शायद विश्व भर में कोई सानी नहीं होता।
हमने ही हमारी धरोहर को पुरातन मानकर, पाश्चात्य देशों की संस्कृति की प्रतिलिपि को अपनाया है, और उसी का दूसरा रूप आधुनिकता हैं।
लेकिन अगर अभी भी इतिहास के पन्नों को फिर से पलटा जायें तो, उसमें उत्तम जीवन के बहुआयामी उपाय मिलेंगे, जो हर समय के लिए सर्वथा उपयोगी है।
*'हमारी संस्कृति को दोहराता है, इतिहास,*
*इसे भूलें नहीं..... क्योंकि इसमें जीवन समाया हैं।।'*
भानु श्री सोनी 'तेजस्विनी'
व्याख्याता (हिंदी)

Comments
Post a Comment